रायपुर में देर रात नियम तोड़ने वाले क्लब और रेस्टोरेंट पर पुलिस की सख्त कार्रवाई

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस ने देर रात नियमों का उल्लंघन करने वाले क्लब, रेस्टोरेंट और ढाबों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया, जिसमें 7 क्लब और 7 रेस्टोरेंट व ढाबों पर नियमों का उल्लंघन पाया गया। इन सभी के खिलाफ पंचनामा तैयार कर लाइसेंस रद्द करने के लिए कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को प्रतिवेदन भेजा गया है। जल्द ही इन प्रतिष्ठानों पर ताले लगने की संभावना है।

रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि निर्धारित समय के बाद भी नियमों का उल्लंघन कर संचालित होने वाले क्लब, ढाबा, रेस्टोरेंट और होटलों पर कार्रवाई की गई है। बीती रात 15 से अधिक पुलिस टीमों ने रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित प्रतिष्ठानों की आकस्मिक जांच की।

चेकिंग के दौरान तेलीबांधा के हाइपर क्लब, जोक पब शीतल इंटरनेशनल, मोका बार एंड रेस्टोरेंट, होटल क्लेरेंस, सिमर्स बार, आईपी क्लब, नवा रायपुर और पियानो क्लब शैमरॉक जॉर्डन में निर्धारित समय के बाद भी अवैध रूप से शराब परोसने का मामला सामने आया। इनके खिलाफ पंचनामा तैयार कर आबकारी लाइसेंस रद्द करने के लिए कलेक्टर रायपुर को पत्र भेजा गया है।

इसी तरह, एमपी किचन जोरा तेलीबांधा, शेफ किचन मरीन ड्राइव, स्नो बेरी आइसलैंड मरीन ड्राइव, कैफे केपवाइस रेस्टोरेंट मरीन ड्राइव, ढाबा शाबा विधानसभा, प्रिंस ढाबा विधानसभा और राजू ढाबा विधानसभा में भी समय सीमा के बाद संचालन पाया गया। इनके खिलाफ पंचनामा तैयार कर लाइसेंस और गुमास्ता रद्द करने के लिए नगर निगम आयुक्त को पत्राचार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *