मुख्यमंत्री साय दिल्ली रवाना, केंद्रीय गृह मंत्री शाह से करेंगे मुलाकात

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय और उप मुख्यमंत्री शर्मा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। इस अवसर पर कर्रेगुटा पहाड़ पर हाल ही में हुई मुठभेड़ में 31 नक्सलियों को मार गिराने वाले सुरक्षा बलों के जवानों को गृह मंत्री शाह अपने निवास पर सम्मानित करेंगे।

किसानों के लिए यूरिया आबंटन में वृद्धि

दिल्ली रवाना होने से पहले रायपुर हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री साय ने बताया कि किसानों के लिए 60,800 मीट्रिक टन यूरिया का आबंटन किया गया है। उन्होंने कहा पिछली बार 50,000 मीट्रिक टन यूरिया का आबंटन हुआ था। इस बार हमने और अधिक आबंटन सुनिश्चित किया है। हमने पहले ही वादा किया था कि किसानों की जरूरतों के लिए विकल्प निकालेंगे, और हम उस दिशा में काम कर रहे हैं।

कांग्रेस के आंतरिक विवाद पर सीएम का तंज

कांग्रेस पार्टी में चल रहे आंतरिक विवादों पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है। इसकी चिंता उन्हें ही करनी चाहिए। हमारा ध्यान राज्य के विकास और जनता की भलाई पर केंद्रित है।

जीएसटी काउंसिल की बैठक में शामिल होंगे वित्त मंत्री चौधरी

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि वह 3 और 4 सितंबर को होने वाली जीएसटी काउंसिल की बैठक में हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा GST 2.0 के तहत बड़े सुधारों की दिशा में काम होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से इसकी घोषणा की थी। नए बिल से अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, खपत में वृद्धि होगी और महंगाई पर नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *