रायपुर। थाना खमतराई क्षेत्र के रावाभाठा में मिलाल बाड़ा के पीछे एक खाली प्लॉट में एक व्यक्ति की हत्या कर शव को बोरी में भरकर फेंकने की घटना सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण अवैध संबंध बताया गया है। बता दे कि सुबह खमतराई पुलिस को सूचना मिली कि रावाभाठा के मिलाल बाड़ा के पीछे एक खाली प्लॉट में एक बोरी में बंद शव पड़ा है। शव के हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर शव की जांच की, जिसमें पाया गया कि मृतक के सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे।
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 964/25, धारा 103, 238 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संदीप मित्तल, उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम) संजय सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक (उरला) पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी खमतराई के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
मृतक की पहचान और जांच
पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर मृतक की पहचान रामा माडे (23 वर्ष), निवासी टीटीबेरी, मलकानगिरी, उड़ीसा के रूप में की। मृतक रायपुर के आरआर इंडस्ट्रीज मेटल पार्क में मजदूरी करता था।
जांच में पता चला कि मृतक का उसी कंपनी में काम करने वाली विवाहित महिला सोनम बंजारे के साथ अवैध संबंध था। पूछताछ के दौरान सोनम ने बताया कि घटना के दिन वह और रामा उसके घर में आपत्तिजनक स्थिति में थे। उसी दौरान सोनम का पति कृष्णा बंजारे वहां पहुंच गया और गुस्से में आकर रामा के सिर पर लकड़ी के बट्टे से वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने की साजिश
हत्या के बाद कृष्णा और सोनम ने अपने साथी रामकृष्ण बंजारे उर्फ राजाराम को बुलाया। तीनों ने मिलकर शव के हाथ-पair रस्सी से बांधे, चेहरा कपड़े से ढका और उसे सफेद बोरी में भरकर कृष्णा की मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 04 DV 9405) से रावाभाठा के खाली प्लॉट में फेंक दिया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों—कृष्णा बंजारे, सोनम बंजारे और रामकृष्ण बंजारे उर्फ राजाराम—को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन, हत्या में इस्तेमाल हथियार और मोटरसाइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी
-
कृष्णा बंजारे (44 वर्ष), निवासी आजाद नगर, महादेव चौक, रावाभाठा, खमतराई, रायपुर।
-
रामकृष्ण बंजारे उर्फ राजाराम (40 वर्ष), निवासी रावाभाठा, तिरंगा चौक, खमतराई, रायपुर।
-
सोनम बंजारे (30 वर्ष), पति कृष्णा बंजारे, निवासी आजाद नगर, महादेव चौक, रावाभाठा, खमतराई, रायपुर।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।