
० हॉस्टल, कृषि विभाग व उद्यानिकी विभाग दफ्तर जाने में हो रही परेशानी
बकावंड। बस्तर जिले के बकावंड से एक परेशान करने वाली तस्वीर सामने आई है। महज 20 मीटर लंबी बदहाल सड़क न सिर्फ छात्राओं के लिए, बल्कि किसानों और अधिकारी कर्मचारियों के लिए भी परेशानी का सबब बन गई है। राजनगर कॉलोनी के लोग वर्षों से एक सीसी रोड की आस लगाए बैठे हैं, लेकिन अब उनके सब्र का बांध टूटता नजर आ रहा है। गड्ढों से भरी सड़क बरसात में कीचड़ से लथपथ रास्ता और प्रशासन की अनदेखी। यह तस्वीर है बकावंड मुख्यालय के पास स्थित राजनगर ब्लॉक कॉलोनी की, जहां सीसी रोड के अभाव ने ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी को मुसीबत में डाल दिया है। मेन रोड से लेकर छात्रावास, कृषि विभाग व उद्यानिक विभाग और खेल मैदान, छात्रवास तक जाने वाला यह रास्ता अब गड्ढों और कीचड़ से लबरेज हो चुका है। कृषि विभाग कार्यालय जाने के लिए किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्रवासी एवं स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रहi है। बरसात में सड़क की हालात और भी बदतर हो जाती है। इस मामले को लेकर जनपद पंचायत के क्षेत्र क्रमांक 15 के जनपद सदस्य एवं जनपद पंचायत में निर्माण विभाग सभापति अनिल कुमार बिसाई ने कहा कि सड़क की दुर्दशा को लेकर बस्तर सांसद महेश कश्यप को अवगत कराकर उनसे सड़क निर्माण कराने का आग्रह मैंने किया है। इसके अलावा सड़क निर्माण का प्रस्ताव जनपद की सभा में प्राथमिकता से रखा गया है। सड़क निर्माण जल्द शुरू हो जाएगा।