0 एएसपी का निर्देश, दरभा टीआई एक्शन मोड में
0 पुलिस ने ठगी के शिकार पीड़ित बेरोजगार युवाओं को थाने में किया तलब
0 सरपंच पति मौर्य को भी बुलाया गया थाने में
जगदलपुर। बस्तर जिले में दर्जनों बेरोजगारों को बेबी फूड सांई ट्रस्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर सरपंच पति सोनसिंह मौर्य के द्वारा की गई 20 लाख से अधिक की ठगी के मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दरभा पुलिस ने शिकायतकर्ता ठगी के शिकार युवाओं को बयान दर्ज कराने थाना तलब किया है
आरोप है कि सरपंच पति सोनसिंह मौर्य ने साई ट्रस्ट संस्थान में नौकरी दिलाने के नाम पर बस्तर दर्जनों बेरोजगारों से 20 लाख की ठगी की है। मंगनार पंचायत के सरपंच पति सोनसिंह मौर्य को भी हाजिर होने का फरमान जारी किया गया है। ज्ञातव्य हो कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ वाली अपनी तस्वीर दिखाकर दरभा विकासखंड के मंगनार निवासी सोनसिंह मौर्य द्वारा बस्तर जिले के दर्जनों बेरोजगारों को सांई ट्रस्ट संस्थान में नौकरी दिलाने के नाम पर 20 लाख रूपये से अधिक की ठगी की जा चुकी है। इस मामले में पीड़ित युवाओं ने बस्तर कलेक्टर हरिश एस. और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा को आवेदन देकर शिकायत की थी और राशि वापसी कराने एवं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मामले को हमारे समाचार पत्र ने अपने पिछले अंकों में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद प्रशासन ने भी संज्ञान में लिया है।
दरभा थानेदार कर रहे जांच
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार मामले की जांच के लिए दरभा थानेदार को निर्देशित किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दरभा पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में शिकायतकर्ताओं को बयान दर्ज कराने के लिए थाना तलब किया गया है। वहीं संस्थान के कथित जिला समन्वयक और मामले के आरोपी सरपंच पति सोनसिंह मौर्य को भी थाना में हाजिर होने के लिए सूचना भेजी गई है। थाना प्रभारी दरभा ने बताया कि मामले को लेकर दोनों पक्षों को थाना तलब किया गया है।
सांकेतिक फ़ोटो,