जगदलपुर। शिक्षा विभाग में उच्च स्तर के अधिकारी तो मनमानी कर ही रहे हैं, स्थानीय स्तर भी स्थानांतरण आदेश की खुलेआम अवहेलना की जा रही है।
ऎसा कारनामा शिक्षा विभाग बस्तर में खुलेआम किया जा रहा है। राज्यपाल के साथ साथ शिक्षा मंत्री के भी आदेश को ताक पर रख कर चंद रुपयों की खातिर स्थानांतरित शिक्षकों को उनकी मूल जगह पर नहीं भेजा जा रहा है। यह सरकार की नीति की सरासर अवहेलना है। शहर के ही प्रमुख स्कूलों में पदस्थ कुछ महिला प्राचार्य अपनी मूल जगह पर जाने को तैयार नहीं है। आश्चर्य इस बात का है कि उच्च अधिकारी उन पर कार्रवाई करने से भी बच रहे हैं।ऐसा ही एक मामला महारानी लक्ष्मीबाई हायर सेकंडरी स्कूल का उजागर हुआ है। यहां की प्राचार्य वंदना मदनकर का तबादला अन्यत्र हो चुका है और उनकी जगह यहां आने वाले प्राचार्य अपने स्कूल से रिलीव भी हो चुके हैं, मगर मदनकर मैडम अपनी कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं हैं। सूत्रों के मुताबिक प्राचार्य वंदना मदनकर का रवैया स्टॉफ के प्रति ठीक नहीं है। स्कूल के ज्यादातर शिक्षक और कर्मचारी उनके व्यवहार से बेहद नाखुश हैं और सभी यही चाहते हैं कि उन्हें जल्दी से जल्दी उनसे मुक्ति मिल जाए। कहा जाता है कि मामला स्थानीय जनप्रतिनिधि से जुड़ा होने के कारण कुछ अधिकारी भी इन पर दवाब नहीं बना पा रहे हैं।