
बकावंड। डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल उलनार में प्राचार्य मनोज शंकर के मार्गदर्शन में आज पूरे जोश और उत्साह के साथ शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उलनार के प्राचार्य एवं सदस्य उपस्थित थे। समारोह की शुरुवात प्रार्थना से हुई। जिसके बाद स्कूल गान गाया गया तत्पश्चात मुख्य अतिथि के द्वारा मां सरस्वती के छाया चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्पार्पण किया गया। खेल प्रशिक्षिका विजय लक्ष्मी साहू के नेतृत्व में बोर्ड के सदस्य बनने के लिए चुने गए छात्रों ने मार्चपास्ट में शानदार कदमों के साथ अपना स्थान ग्रहण किया। अतिथियों द्वारा विद्यालय के हेड बॉय अविनाश पंत को सैश प्रदान किया गया। हेड गर्ल गोपिका पाणिग्रही, खेल कप्तान छात्र रविप्रकाश बघेल, छात्रा आशा कश्यप, अनुशासन छात्र परमेश्वर, छात्रा तमन्ना बघेल, चारो हाउस के हाउस कप्तान में हंसराज हाउस कप्तान छात्र रितेश पुजारी, छात्रा लवीना ठाकुर, विरजानंद हाउस कप्तान छात्र ललित प्रसाद बाघरे, छात्रा कृतिका जोशी, श्रद्धानंद हाउस कप्तान छात्र प्रसंग विमल बघेल, छात्रा (नैन्सी शोरी, दयानंद हाउस कप्तान छात्र हार्दिक पंत, छात्रा तनूजा बघेल को सैश और ध्वज प्रदान किए गए। नगरनार में आयोजित डीएवी कलस्टर स्तर खेल प्रतियोगिता सत्र 2025-26 उलनार के विजेता बालिका कबड्डी टीम को भी स्वर्ण पदक प्रदान किया गया एवं बधाई दी गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सहायक खंड शिक्षा अधिकारी देशनाथ पांडे ने प्रेरणादायक विचार रखे। प्राचार्य मनोज शंकर ने भी छात्र परिषद के सदस्यों को आदर्श बनने और अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाने की समझाईश दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समय की पाबंदी, समर्पण, अनुशासन और दृढ़ संकल्प जैसे मूल्यों को अपनाने की सलाह दी, क्योंकि वे ही कल के पथ प्रदर्शक हैं। स्कूल के हेड छात्र अविनाश पंत और हेड छात्रा गोपिका पाणिग्रही ने अपने शिक्षकों को उन्हे बेहतर ढंग से तैयार करने के लिए धन्यवाद दिया और अपनी योग्यता के अनुसार अपने कर्तव्यों को पूरा करने का वादा किया। शिक्षिका मोनिका साहू ने आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में शिक्षक शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों और पूरे विद्यालय परिवार का योगदान रहा।