० एक देश एक चुनाव पर संगोष्ठी का आयोजन
नारायणपुर। एक देश एक चुनाव पर संगोष्ठी का आयोजन नारायणपुर में किया गया। संगोष्ठी में छत्तीसगढ़ के वन एवं पर्यावरण, संसदीय कार्य मंत्री नारायणपुर के लोकप्रिय विधायक केदार कश्यप,बस्तर सांसद महेश कश्यप, वरिष्ठ भाजपा नेता सुभाऊ कश्यप भी शामिल हुए।
मुख्य वक्ता केदार कश्यप ने एक देश एक चुनाव की जरूरत और प्राथमिकता को लेकर आम जन मानस के बीच अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि एक देश एक चुनाव देश की समृद्धि, संपन्नता के लिए अति आवश्यक है। आज राज्यों में अलग अलग समय में विभिन्न चुनाव होते हैं। इससे चुनाव में काफी समय लग जाता है आचार संहिता लागू होने पर अंतिम व्यक्ति तक सरकारी लाभ और सुविधा नहीं मिल पाती। पूरे सरकारी तंत्र का उपयोग चुनाव में किया जाता है जिससे देश में प्रशासनिक कार्यवाही प्रभावित होती है और काफी बड़े पैमाने पर सरकारी धन का उपयोग चुनाव में होता है। इस धन का उपयोग विभिन्न जनहित के कार्यों और जन सुविधाएं उपलब्ध कराने में किया जा सकता है। वर्तमान समयानुसार कई जगह आपराधिक घटनाएं भी चुनावों में होने लगी हैं।
इन पर भी अंकुश लगेगा। बड़ी मात्रा में सुरक्षा व्यवस्था सुरक्षा बलों द्वारा मुहैया करवाई जाती है जिससे देश की सीमाओं और सुरक्षा पर असर पड़ता है देश की समृद्धि और विकास के लिए एक देश एक चुनाव की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने इस ओर पहल कर सभी नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, बुद्धिजीवियों और विभिन्न राजनीतिक पार्टियों से साथ देने की अपील की है। केदार कश्यप ने कहा- मुझे पूरी उम्मीद है कि जनता इस बात को भलि भांति समझेगी और भारतीय जनता पार्टी के इस अभियान एक देश एक चुनाव पर अपना आशीर्वाद प्रदान करेगी।