0 समस्याओं का निराकरण भी किया विधायक देव ने
जगदलपुर। विधानसभा क्षेत्र जगदलपुर के ग्राम कुंरदी में आयोजित ऐतिहासिक वार्षिक मड़ई में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक किरण देव शामिल हुए। किरण देव ने माता शीतला मंदिर में पूजा अर्चना कर छत्तीसगढ़ प्रदेश व बस्तर की सुख समृद्धि की माता से कामना की। साथ ही जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं से अवगत होकर उन समस्याओं को निराकरण करने संबंधित विभाग को निर्देश दिया।
कुंरदी के ग्रामवासियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर स्वागत व अभिनंदन किया। वार्षिक मड़ई में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कहा कि कुंरदी मे माता शीतला मंदिर में ऐतिहासिक वार्षिक मड़ई में शामिल होकर और आप सभी के बीच आकर अभिभूत हूं। मेले में आए क्षेत्र की जनता को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए किरण देव ने कहा कि बस्तर में आयोजित मेला, मड़ई का अपना विशेष महत्व है। जिसमें हमारी बस्तर की कला संस्कृति, परंपरा का समावेश होता है। इस दौरान सरपंच सोनमती देवांगन, उप सरपंच मनोज, प्रकाश दुग्गड़, राजेश ओगले, सुब्रतो विश्वास, संजय विश्वकर्मा, राजेश श्रीवास्तव, गजेंद्र देवांगन, परसुराम, श्यामवती, लखीधर बघेल, लखसाय, मंगल सेठिया व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।