संगम दरगाह शरीफ जाने वाले मार्ग का होगा कायाकल्प, मुस्लिम समाज ने जताया प्रदेश अध्यक्ष का आभार

जगदलपुर। लंबे समय से लंबित मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। संगम दरगाह शरीफ तक जाने वाले खराब मार्ग का अब उन्नतीकरण और मजबूतीकरण किया जाएगा। इस कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग, नया रायपुर द्वारा वर्ष 2023-24 के बजट में प्रदान की गई है।

यह मार्ग हर साल उर्स और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनता था। मुस्लिम समाज के द्वारा लगातार इस मार्ग के सुधार की मांग की जा रही थी। इस मुद्दे को लेकर मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने विधायक व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव से निवेदन किया था। उन्होंने समाज की इस मांग को गंभीरता से लेते हुए शासन को प्रस्ताव भेजा और मार्ग निर्माण की स्वीकृति दिलवाई।

इस सराहनीय पहल के लिए मुस्लिम समाज की ओर से कार्यकारी अध्यक्ष/सदर (एडहॉक कमेटी) हाजी डॉ. एस. जहीरूद्दीन के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने विधायक किरण सिंह देव से भेंट कर आभार प्रकट किया और उनका सम्मान भी किया। समाज ने भविष्य में भी ऐसे ही सहयोग की उम्मीद जताई।

प्रतिनिधिमंडल में  इसराईल भारती, मो. आसिफ, शेख रियाज, इमरान बरबटिया, मो. नदीम, सैय्यद साजिद अली एवं शेख बाबा जमीर शामिल थे। मुस्लिम समाज ने इस कार्य को समाज के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *