बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां भारतीय सेना का एक जवान पिछले एक महीने से लापता है। जवान शेजसिंह मंडावी, जो जम्मू-कश्मीर में पदस्थ हैं, बीमार पिता के इलाज के लिए छुट्टी पर अपने गांव कलंगपुर आए थे। लेकिन 6 मार्च को वह अचानक घर से निकले और तब से उनका कोई सुराग नहीं है।
परिजनों ने स्थानीय थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है, लेकिन एक महीने बीतने के बाद भी जवान का कोई पता नहीं चल सका है। अब शेजसिंह के माता-पिता प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं और अपने बेटे को ढूंढ़ने की गुहार लगा रहे हैं।
परिजनों ने बालोद कलेक्टर को आवेदन सौंपकर जवान की तलाश में मदद की मांग की है। शेजसिंह की मां और बीमार पिता का कहना है कि उन्हें यह तक नहीं पता कि उनका बेटा किस हालत में है, जिंदा भी है या नहीं। परिजन अब शासन-प्रशासन से एक ही अपील कर रहे हैं बस हमारे बेटे को ढूंढ दो।