रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र 2024-25 के अंतिम दिन विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने उत्कृष्ट विधायकों की घोषणा की, जिसमें पंडरिया विधायक भावना बोहरा को उत्कृष्ट विधायक के रूप में चुना गया। उनके इस सम्मान का मुख्य आधार सदन में उनकी सक्रियता, सहभागिता और जनहित के मुद्दों को प्रभावी रूप से उठाना रहा।
भावना बोहरा ने इस पूरे कार्यकाल के दौरान बजट सत्र, मानसून सत्र और शीतकालीन सत्र में लगातार भाग लिया और प्रदेश व क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी बात रखी। वे सदन में नियमित रूप से उपस्थित रहीं और महिला, युवा, उद्योग, शिक्षा जैसे विषयों पर कई सवाल उठाए। विधानसभा में उन्होंने सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों पर भी चर्चा की और जनता की समस्याओं को सशक्त तरीके से सामने रखा।
इस अवसर पर भावना बोहरा ने कहा कि यह सम्मान पंडरिया विधानसभा की जनता के विश्वास, सहयोग और मार्गदर्शन का परिणाम है, इसलिए वे इसे अपनी जनता को समर्पित करती हैं। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सदन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्यकाल में उन्हें बहुत कुछ सीखने और समझने का अवसर मिला। सदन की प्रक्रियाओं को समझने के साथ ही अपने क्षेत्र व प्रदेश से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वे आगे भी इसी तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती रहेंगी।
उन्होंने आगे कहा कि उत्कृष्ट विधायक का सम्मान उनके लिए गर्व की बात है, लेकिन इसके साथ ही यह एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। वे सदन में जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करती रहेंगी। जनता के विश्वास को कायम रखते हुए वे पूरी पारदर्शिता और जनजागरूकता के साथ कार्य करेंगी, ताकि विकास कार्यों को गति मिले और लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी रुकावट के मिलता रहे।
उत्कृष्ट विधायक के चयन की प्रक्रिया में विधानसभा अध्यक्ष, विधानसभा सचिव, मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष द्वारा गठित चयन समिति द्वारा निर्णय लिया जाता है। इस दौरान विधायक के सदन में आचरण, संसदीय प्रक्रियाओं का पालन, विधानसभा अध्यक्ष के निर्देशों का सम्मान और विभिन्न चर्चाओं में उनकी सक्रिय भागीदारी को ध्यान में रखा जाता है। भावना बोहरा के निरंतर प्रयासों और जनहित में उनकी प्रभावी भूमिका के कारण उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया।