बीजापुर। जिले में पुलिस को नक्सल उन्मूलन अभियान में बड़ी सफलता मिली है। सरकार की पुनर्वास नीति और नियद नेल्लानार योजना से प्रभावित होकर 19 नक्सलियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया। इनमें से 10 पर कुल 29 लाख रुपये का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सली फायरिंग, आईईडी ब्लास्ट, आगजनी जैसी नक्सली घटनाओं में शामिल थे।
अब तक वर्ष 2025 में कुल 84 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है, वहीं 137 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया और 56 माओवादियों को सुरक्षाबल के जवानों ने मुठभेड़ में मार गिराया। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को पुलिस द्वारा 25-25 हजार रुपये की नगद राशि प्रदान की गई है। यह बड़ी सफलता पुलिस के अधिकारी सीआरपीएफ डीआईजी देवेन्द्र सिंह नेगी, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव, एएसपी मयंक गुर्जर (आईपीएस), डीएसपी शरद जायसवाल और अन्य अधिकारियों के समक्ष सामने आई।