0 छेड़ा ऐसा तराना कि झूम उठे जगदलपुर के लोग
(अर्जुन झा) जगदलपुर। दिल को गहराई तक भेद देने वाली बड़ी बड़ी आंखों का गजब आकर्षण, सजीला लंबा चौड़ा बदन, करीने से सजी जुल्फें, सादगी भरा पहनावा। ये गजब खासियतें हैं हमारे जगदलपुर के युवा विधायक एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की, मगर उनकी आवाज में भी गजब की कशिश है, वे गाने भी बड़े ही मधुर और अनूठे अंदाज में गाते हैं। उनकी गायकी का एक नमूना हमें शहर में आयोजित एक कार्यक्रम में देखने को मिला।
हमारे विधायक किरण सिंह देव युवा जोश से लबरेज हैं। हम उन्हें युवा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि जब देश का एक राष्ट्रीय नेता उम्र के साठवें पड़ाव में पहुंचने के बाद भी युवा कहलाने के हकदार हैं, तो हमारे छत्तीसगढ़ भाजपा के अध्यक्ष और जवानों की नगरी जगदलपुर के विधायक किरण भैया अभी तो 50 ही पार किए होंगे। अभी उन्हें भी युवा कहलाने का पूरा हक बनता है। उनकी दमदार आवाज तो इस बात की तस्दीक करती ही है कि किरण भैया अभी जवान हैं। चलिए हम बचपन, जवानी और बुढ़ापे के फेर में न फंसते हुए आपको असल दास्तां सुनाते हैं। बात यूं है कि अभी पूरा देश होली की खुमारी से उबर नहीं पाया है, जगदलपुर शहर और पूरे बस्तर संभाग में अभी महुआ, सल्फी, लांदा, देशी, विदेशी की महक फैली हुई है। युवा विधायक किरण सिंह देव इन सब चीजों से दूर रहते हैं, मगर होली की मस्ती का नशा उन पर जरूर चढ़ गया था। होलिका उत्सव के अवसर पर सिरहासार चौक पर आयोजित एक संगीतमय कार्यक्रम में विधायक किरण सिंह देव की गायकी हमें देखने सुनने को मिली। जब सुपर हिट फिल्म तराना का गीत “गुंचे लगे है कहने फूलों से भी सुना है तराना प्यार का, कहता है दिल ओ मेरी जिंदगी, आके मिल तन्हा न बीत जाए दिन बहार का” गाया तो कार्यक्रम में चार चांद लग गए। किरण देव ने यह गीत सुनकर पूरी महफिल लूट ली। जिस दौर में तराना फिल्म आई थी, उस दौर में हमारे किरण भैया भरपूर यौवन में रहे होंगे। हो सकता है तब उन्होंने किसी को अपना दिल दे दिया रहा होगा और शायद उसी दिलरुबा की याद में यह गाना उन्होंने गाया होगा। यह बातें हम नहीं कह रहे हैं, हमने तो यह सब वहां मौजूद लोगों से सुनी है। खैर बात चाहे जो भी हो, मगर यह तो साबितहो गया है कि हमारे विधायक जी गायक गजब के हैं। किरण सिंह देव एक अच्छे खिलाड़ी भी रहे हैं। होली उत्सव के अवसर पर उन्होंने अपने संगीत विधा से सबको हैरत में डाल दिया। सचमुच किरण भैया गजबै हैं आप तो, ऐसे ही दिल जीतते रहिए अपनी अवाम का।