जगदलपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में मैत्री संघ गली स्थित उप डाकघर सदर बाजार जगदलपुर में महिला अभिकर्ताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती रेखा पाण्डे रही। मालूम हो कि आज महिला दिवस के उपलक्ष्य में शहर के अनेक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। किसी ने महिला को शक्ति स्वरूपा बताया तो किसी ने कहा महिला अब हर क्षेत्र में पुरुषों के बराबर काम कर रही है। महिला दिवस के अवसर पर सभी आयोजकों ने गरिमा के अनुरूप मुख्य अतिथि व वक्ता तय किए थे। लेकिन सदर बाजार उप डाकघर में बहुत ही सादगी से सब पोस्ट मास्टर ने इस कार्यक्रम को आयोजित किया। महिला अभिकर्ताओं ने भी नारी की व्याख्या अपने अपने शब्दों में की। मुख्य अतिथि रेखा पाण्डे ने कहा आज की महिलाएं पहले से ज्यादा सशक्त हुई हैं। नारी ने अपने अंदर छिपी प्रतिभा को पहचान लिया है। 8 मार्च का दिन पुरे विश्व में महिला दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस महिलाओं के अधिकार और सम्मान का दिन है। समाज कल्याण विभाग, महिला बाल विकास विभाग ऐसे अनेक विभाग हैं जो महिलाओं के अधिकार और उत्थान के लिए काम करते हैं। अनेक ऐसी योजनाएं हैं जो कि महिलाओं के लिए संचालित है। 11 मार्च को प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना लागू की। इस योजना को आज एक वर्ष पूर्ण हो गए हैं। योजना के तहत प्रत्येक महिलाओं को हर माह एक हजार रुपये की राशि उनके खाते में स्थानांतरण की जाती है। आज 13वीं किस्त की राशि जारी की गई है। इस योजना से महिलाएं और भी अधिक सशक्त हुई हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए परामर्श केंद्र भी खोले गए हैं।