रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ की सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है, और इसी सोच के साथ सरकार ने महतारी वंदन योजना जैसी ऐतिहासिक पहल की है। इस विशेष अवसर पर आज योजना की 13वीं किश्त जारी की गई।
महिला सशक्तिकरण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए सीएम साय ने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में समान अवसर देने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि महिलाओं को समानता, सम्मान और सुरक्षा का वातावरण प्रदान करने में सहयोग करें।
जशपुर दौरे पर रवाना हुए मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर के कुनकुरी में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए। उनके साथ जशपुर विधायक रायमुनी भगत और पत्थलगांव विधायक गोमती साय भी उपस्थित रहीं।
जशपुर में सीएम साय स्व. दिलीप सिंह जूदेव की स्मृति में आयोजित मेगा हेल्थ कैंप का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा, वे 350 से अधिक जोड़ों के सामूहिक विवाह कार्यक्रम के साक्षी भी बनेंगे।
उन्होंने कहा, “एक सशक्त महिला ही सशक्त परिवार, समाज और राष्ट्र का निर्माण कर सकती है। राज्य सरकार महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है, ताकि वे छत्तीसगढ़ और देश की प्रगति में भागीदार बन सकें।”
बीजेपी ने हमेशा दिया महिलाओं को सम्मान
सीएम साय ने कहा कि भाजपा ने हमेशा महिलाओं का सम्मान किया है। देश की राष्ट्रपति एक महिला हैं, और पूरे देश में कई महिला सांसद एवं विधायक जनता का नेतृत्व कर रही हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और आगे भी महिलाओं के उत्थान के लिए नए कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।