रायपुर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव साइंस कॉलेज परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘चिन्हारी छालीवुड फिल्मफेयर अवार्ड’ समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग को प्रोत्साहन देने और कलाकारों के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश में फिल्म सिटी के निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने 95 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है, जिससे स्थानीय कलाकारों और फिल्म निर्माताओं को नए अवसर मिलेंगे।
श्री साव ने कहा कि साय सरकार छत्तीसगढ़ी कला, संस्कृति और सिनेमा को संवारने के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि राज्य की पहचान सिर्फ उद्योग और खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की समृद्ध संस्कृति और फिल्म उद्योग को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य किया जाएगा।
पुरस्कार विजेता:
- बेस्ट फिल्म – मोर छईयां भुइंया 2
- बेस्ट डायरेक्टर व स्क्रीनप्ले – सतीश जैन
- बेस्ट एक्टर – दीपक साहू
- बेस्ट एक्ट्रेस – एल्सा घोष
- बेस्ट सिंगर – अनुराग शर्मा
- बेस्ट सिंगिंग एल्बम – कंचन जोशी
- राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त फिल्म “भूलन द मेज” के निर्देशक मनोज वर्मा को चिन्हारी अवार्ड
समारोह में भाजपा संगठन महामंत्री पवन साय, विधायक अनुज शर्मा, पद्मश्री ऊषा बारले, पद्मश्री भारती बंधु, पद्मश्री मदन चौहान, नवनिर्वाचित महापौर मीनल चौबे, निर्माता मोहन सुंदरानी, संतोष जैन, योगेश नेताम समेत छालीवुड कलाकारों की उपस्थिति रही।
डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार जो कहती है, उससे ज्यादा करके दिखाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग को नई ऊंचाइयां मिलेंगी और कलाकारों को अधिक अवसर प्राप्त होंगे।