रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपना 61वां जन्मदिन सादगी के साथ मनाया। उन्होंने इस अवसर पर अपनी पत्नी के साथ गृहग्राम पहुंचकर अपनी मां का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (X) पर एक कविता साझा कर अपनी मां के प्रति प्रेम और श्रद्धा व्यक्त की।
उन्होंने लिखा—
“मां द्वारे की तुलसी जैसी, मां बरगद की छाया-सी,
मां कविता की सौम्य पंक्तियां, महाकाव्य की काया-सी।”
इस खास दिन पर मुख्यमंत्री साय अपने कार्यकर्ताओं के साथ सत्यनारायण कथा का श्रवण करेंगे और स्कूली बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाएंगे। उन्होंने बच्चों के लिए विशेष न्योताभोज का भी आयोजन किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य समेत कई राष्ट्रीय नेताओं ने मुख्यमंत्री साय को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।