लोहंडीगुड़ा। चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनायक गोयल धुआंधार प्रचार में लगे हैं। वे अपने विधानसभा क्षेत्र के भाजपा अधिकृत प्रत्याशियों को जिताने के लिए आज तोकापाल ब्लॉक के मंडावा रायकोट आरापुर मलीभाटा क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी कामदेव बघेल, जनपद सदस्य प्रत्याशी रितेश जोशी के समर्थन में वोट मांगते हुए दिखाई दिए। अंदरूनी क्षेत्र में जाकर श्री गोयल ने नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में हमारी सरकार है राज्य में हमारे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार है। हमारे सांसद भी भारतीय जनता पार्टी के हैं और हमें भी आप लोगों ने ही जिताया हैं। जमीनी स्तर पर जनपद सदस्य जिला पंचायत सदस्य भी अगर भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशी जीतेंगे तो हमारे क्षेत्र के गांवों के विकास के लिए बहुत ही सराहनीय पहल होगी। क्षेत्र तेज गति से विकास की ओर अग्रसर होगा। सभी एक ही पार्टी के सारे कार्यकर्ता सभी लोग रहेंगे तो जल्दी काम होता है और अच्छा काम होता है। दूसरी पार्टी का अगर कोई भी सदस्य बन जाता है तो वह अपने दम पर उतना विकास नहीं कर पाएगा, जितना एक ही पार्टी समर्थक सदस्य के चुनकर आने पर होगा। अपने क्षेत्र के विकास के लिए सभी एकजुट होकर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को ही वोट दें।