मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जगदलपुर में भव्य रोड-शो, भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में की अपील

जगदलपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज जगदलपुर में भारतीय जनता पार्टी के महापौर प्रत्याशी संजय पाण्डे और पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में भव्य रोड-शो किया। यह रोड-शो शहर के प्रमुख स्थानों से होते हुए माई दंतेश्वरी मंदिर में पूजा अर्चना के साथ समाप्त हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से आशीर्वाद मांगा और कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार के मुद्दे को उठाया।

मुख्यमंत्री ने रोड-शो की शुरुआत माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट के पास माडिया चौक से की और कुम्हारपारा रोड, शहीद पार्क, झंकार टाकीज, सिटी कोतवाली, स्टेट बैंक चौक, महावीर चौक, नावेल्टी चौक, मेन रोड, गोल बाजार चौक और सिरहासार चौराहे से गुजरते हुए अपने समर्थकों के बीच पहुंचे। उन्होंने माई दंतेश्वरी मंदिर में पूजा अर्चना की और बस्तरवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। रोड-शो का समापन चाँदनी चौक में हुआ।

सीएम विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि इस बार नगर निगम चुनाव में भाजपा को विजयी बनाना है। उन्होंने कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार को निशाना बनाते हुए कहा कि, कांग्रेस ने वर्षों तक भ्रष्टाचार किया है, जिसमें पीएससी घोटाला, शराब घोटाला, रेत घोटाला और महादेव सट्टा ऐप घोटाला शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने वादा किया कि अगर भाजपा नगर निगम में जीत हासिल करती है तो वर्षों पुरानी पट्टे की मांग पूरी की जाएगी, नजूल भूमि पर काबिज लोगों को भू-स्वामित्व के पट्टे दिए जाएंगे और महिलाओं के नाम से प्रॉपर्टी पर टैक्स में 25% की छूट दी जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि जगदलपुर में भाजपा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित है। उन्होंने नगर निगम के विकास का सपना साझा करते हुए कमल का बटन दबाने की अपील की।

मंत्री एवं चुनाव संलाचक केदार कश्यप ने कहा कि भाजपा इस बार शहर में प्रचंड मतों से जीतने वाली है और जनता का उत्साह इसका प्रमाण है। महापौर प्रत्याशी संजय पाण्डे ने भी जनता से समर्थन मांगा।

इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, विधायक विनायक गोयल, वरिष्ठ भाजपा नेता शरद अवस्थी, पूर्व विधायक संतोष बाफना और जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय सहित भाजपा के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *