० भाजपा का घोषणा पत्र कल्पनाओं पर आधारित, कांग्रेस ने 34 वादे किए
रायपुर। कांग्रेस ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है, जिसे पार्टी ने शहरी जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला बताया है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र मौलिक है और जनता की समस्याओं का समाधान करने वाला है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में 34 बिंदुओं में जनता से वादा किया है, जबकि भाजपा का घोषणा पत्र मात्र 20 बिंदुओं का और कल्पनाओं पर आधारित है।
शुक्ला ने भाजपा के “अटल विश्वास पत्र” पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा जनता को ठगने के लिए नए वादे कर रही है, जबकि उसने पहले किए गए वादे अब तक पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी पूरी नहीं हो पाई, इसलिए जनता भाजपा के नए वादों पर भरोसा नहीं करेगी। कांग्रेस के घोषणा पत्र में महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों, पत्रकारों सहित हर वर्ग का ध्यान रखा गया है, जिससे मतदाता कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेंगे।
शुक्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव में किए गए वादों को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा, “मोदी की गारंटी के 20 में से 19 वादे अधूरे हैं। न तो 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा पूरा हुआ और न ही 18 लाख आवास देने का। उल्टा भाजपा सरकार ने 400 यूनिट तक बिजली पर दी जाने वाली 50 प्रतिशत छूट भी खत्म कर दी, जिससे जनता में आक्रोश है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह निकाय चुनाव भाजपा सरकार की नाकामी और वादाखिलाफी पर लड़ा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है, जिससे किसान, युवा, महिला, मजदूर, विद्यार्थी, अनुसूचित जाति और जनजाति सभी वर्गों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार और कुशासन बढ़ गया है, जिससे जनता इस बार भाजपा को हराने के मूड में है।