भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए घर-घर में कमल खिलाएंगे थीम सॉन्ग किया लॉन्च, कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपना नया थीम सॉन्ग घर-घर में कमल खिलाएंगे लॉन्च किया है। इस गीत को विधायक अनुज शर्मा ने हिंदी और छत्तीसगढ़ी में अपनी आवाज दी है। सॉन्ग लॉन्च के अवसर पर भाजपा के कई प्रमुख नेता मौजूद थे, जिनमें प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, भाजपा मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी और सह मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल शामिल थे।

इस मौके पर प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा नगरीय निकाय चुनाव में भी जीत हासिल करेगी क्योंकि जनता का विश्वास पार्टी के साथ है। उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि पार्टी ने नगरीय निकायों को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है और वही कांग्रेस आरोप पत्र जारी कर रही है, जबकि भाजपा ने घोषणा पत्र पेश किया है। श्रीवास्तव ने बताया कि भाजपा का प्रचार करने का तरीका अलग है—हम संगीत, डिजिटल और कला के माध्यम से जनता तक पहुंचते हैं।

विधायक अनुज शर्मा ने प्रेस वार्ता में इस थीम सॉन्ग को पेश करते हुए भाजपा का विज़न साझा किया। उन्होंने कहा कि इस गीत के जरिए हम कांग्रेस के भ्रष्टाचार को उजागर करेंगे और अपनी योजनाओं को जनता तक पहुंचाएंगे। उन्होंने भाजपा को संगठन आधारित पार्टी बताया, जबकि कांग्रेस को नेताधारी पार्टी करार दिया।

वहीं, भाजपा के इस थीम सॉन्ग पर पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अब कहने के लिए कुछ नहीं रह गया है और जनता समझ चुकी है कि भाजपा उन्हें मूर्ख बना रही है। उपाध्याय ने आरोप लगाया कि एक साल में भाजपा ने कोई काम नहीं किया और अब गाने बजाकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। उनका कहना था कि इन गानों से कुछ नहीं होने वाला, जनता सब समझती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *