रायपुर। नगरीय निकाय चुनाव के प्रचार में भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा के घोषणा पत्र को झूठा और धोखाधड़ी का बयान दिया है, जबकि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस के घोषणा पत्र पर तंज कसते हुए कहा कि यह जनता को भ्रमित करने वाला होगा।
दीपक बैज ने भाजपा के घोषणा पत्र पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने इस चुनाव में जनता को धोखा देने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि जब तक अटल जी थे, भाजपा ने उनके कामों को भी सही ढंग से नहीं लिया और अब मोदी गारंटी की बात का क्या हुआ? बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा ने मोदी को मार्गदर्शक मंडल में डाल दिया है, और उनकी गारंटी पर कोई ध्यान नहीं दिया। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा पर विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र को पूरा न करने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा आम जनता को ठगने का काम कर रही है।
उधर, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस के घोषणा पत्र को लेकर कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र हमेशा की तरह धोखा देने वाला होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले पांच वर्षों में अपने वादों में से एक भी वादा पूरा नहीं कर पाई है, और अब फिर से चुनावी घोषणा पत्र लाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश करेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में वही पुरानी बातें और वादे दोहरा रही है, जो उसने पहले किए थे, लेकिन इनका कोई ठोस आधार नहीं है।