भाजपा के संकल्प पत्र को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया नहीं जुमला पत्र…

0 भाजपा, संकल्प पत्र नहीं माफीनामा जारी करे : बैज
जगदलपुर/रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा के संकल्प पत्र को जुमला पत्र करार दिया है। श्री बैज ने कहा कि पिछले दो बार के चुनावों में अपने वादों को भूल जाने वाले भाजपा ने किस नैतिकता से नया संकल्प पत्र जारी किया है। भाजपा को जनता से नया वादा करने का भाजपा को कोई नैतिक अधिकार नहीं है। भाजपा के लिये घोषणा पत्र केवल जनता को ठगने का एक हथियार है। जनता में भाजपा और मोदी दोनों की ही विश्वसनीयता खत्म हो चुकी है। भाजपा का संकल्प पत्र नहीं माफीनामा जारी करें।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि 2014 और 2019 के संकल्प पत्र के वादों के बारे में बात करने की भाजपाई हिम्मत नहीं करते। भाजपा बताए युवाओं के लिए सालाना 2 करोड़ नौकरियों देने का क्या हुआ? किसानों की आय दोगुनी करने का क्या हुआ? एमएसपी की कानूनी गारंटी का क्या हुआ? किसानों को लागत पर 50 प्रतिशत जोड़कर समर्थन मूल्य देने के वादे का क्या हुआ? हर व्यक्ति के बैंक अकाउंट में 15 लाख देने का क्या हुआ? भाजपा बताए एससी, एसटी, के अधिकारों को सुरक्षित करने के वादे का क्या हुआ? एससी व एसटी पर 46 प्रतशित व 48 प्रतिशत अपराध क्यों बढ़ा? महिला आरक्षण लागू करने व महिला अत्याचार रोकने का क्या हुआ? 100 स्मार्ट सिटी का क्या हुआ? भाजपा के सांसदों द्वारा गोद लिए गए गांवो का क्या हुआ? 2020 तक गंगा सफ़ाई का क्या हुआ? 2022 तक हर परिवार के सर पर छत का क्या हुआ? 2022 तक सबको चौबीस घंटे बिजली देने का क्या हुआ? 2022 तक भारत को 5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनाने का क्या हुआ? “लाल आंख“ और “मैं देश नहीं झुकने दूंगा” का क्या हुआ? हमारी जमीन पर चीन ने 2000 किलोमीटर तक कब्जा कैसे कर लिया? 2022 तक 40 करोड़ युवाओं को स्किल ट्रेनिंग का क्या हुआ? केंद्रीय विभागों में लाखों पद रिक्त होने के बावजूद भर्तियां क्यों बंद हुई? सेना में नियमित भर्ती बंद करके ठेके पर 4 साल के लिये अग्निवीर योजना का क्या औचित्य है? पहली बुलेट ट्रेन का क्या हुआ? मोदी और भाजपा के इन वादों का हिसाब जनता मांग रही है इस लोकसभा चुनाव में पूरा भारत जुमलेबाजों को हराएगी। दीपक बैज ने कहा कि 10 साल में वादाखिलाफी का रिकॉर्ड बना चुकी भाजपा में साहस नहीं कि वह कोई नया वादा जनता से कर पाए। इसीलिए भाजपा का घोषणा पत्र पूरी तरह सतही और चुनावी औपचारिकता दिख रहा है। भाजपा के घोषणा पत्र में भाजपा की हार की झलक साफ दिख रही है। इसीलिए भाजपाई नया वादा करने की हिम्मत नहीं कर पा रहे हैं। ट्रेनों को बंद करने वाले वर्ल्ड क्लास स्टेशन बुलेट ट्रेन बनाने के लिए झूठे वादे कर रहे है। कांग्रेस के घोषणा पत्र से चुराकर गिग वर्कस के बारे में भी वादा कर रहे हैं। जबकि 10 सालों के मोदी राज में सबसे ज्यादा शोषण गिग वर्कर और असंगठित क्षेत्र का हुआ है। भाजपा के घोषणा पत्र में सक्षम और स्वावलंबी भारत बनाने की दिशा में कुछ भी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *