राज्यपाल के अभिभाषण में फ्राड के आरोप पर हंगामा…

0 सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में होली अवकाश के बाद आज शुरू हुई सदन की कार्यवाही भाजपा द्वारा राज्यपाल के अभिभाषण में फ्राड किये जाने का आरोप लगाते हुए विशेषाधिकार हनन के प्रस्ताव पर चर्चा कराने की मांग किये जाने पर मचे हंगामे के बीच 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।

इसके पूर्व भाजपा सदस्य अजय चंद्राकर ने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण में उनकी स्वीकृति नहीं होने वाला हिंदी अंश सदन में वितरित किया गया जबकि राज्यपाल ने अंग्रेजी में जो अंश आरक्षण के मामले में पढ़ा, वह भिन्न है। संसदीय इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ। इस पर भाजपा सदस्य बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पहली बार राज्यपाल के अभिभाषण में फ्राड किया गया है। इस पर सबसे पहले चर्चा कराई जाए। यह बहुत गंभीर विषय है। बृजमोहन अग्रवाल के कथन का समर्थन करते हुए भाजपा के अन्य सदस्यों ने चर्चा कराये जाने की मांग की।

भाजपा सदस्यों के आरोप के जवाब में मंत्री शिव डहरिया सहित सत्ता पक्ष के सदस्यों ने इसका प्रतिवाद किया। पक्ष विपक्ष के बीच कहासुनी बढ़ने पर आसंदी पर विराजमान उपाध्यक्ष संतराम नेताम ने सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी।