छत्तीसगढ़ को दूसरा एम्स मिला तो बिलासपुर में होगा…

0 शैलेश के सवाल पर विपक्ष ने किया समर्थन

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज कांग्रेस सदस्य शैलेश पांडे ने लोक स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव से प्रश्न किया कि बिलासपुर में एम्स हॉस्पिटल की स्थापना कराने के लिए राज्य शासन द्वारा क्या कार्यवाही की गई है। इस पर लोक स्वास्थ्य मंत्री ने अपने जवाब में बताया कि बिलासपुर में एम्स हॉस्पिटल की स्थापना कराने के लिए राज्य शासन द्वारा अर्ध शासकीय पत्र दिनांक 4.1. 2023 को मंत्री भारत सरकार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय नई दिल्ली को लिखा गया है लेकिन अभी इसका जवाब नहीं आया है। इस पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, विपक्ष के सदस्य धरम लाल कौशिक, धर्मजीत सिंह तथा अजय चंद्राकर ने बिलासपुर में एम्स हॉस्पिटल की स्थापना के समर्थन में अपने विचार व्यक्त किए।

लोक स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने बताया कि बिलासपुर संभाग में 24 विधायक हैं। रायपुर एम्स में दूर-दूर से मरीज आते हैं उन्होंने कहा कि अभी राज्यों में एक एम्स है। कई राज्यों में अब भी एम्स नहीं है। छत्तीसगढ़ में एक एम्स रायपुर में है। दो एम्स भी हो सकते हैं तो इसके लिए पत्र लिखा गया है। उन्होंने कहा कि शैलेश पांडे ने मुझसे बिलासपुर में एम्स स्थापना के लिए पत्र लिखने कहा था। यह राज्य का विषय है। मैंने मुख्यमंत्री से भी बात की। छत्तीसगढ़ में 5 संभाग हैं। दुर्ग संभाग रायपुर के पास है। यदि राज्य में 2 एम्स हॉस्पिटल मंजूर किए जाएंगे तो दूसरे एम्स हॉस्पिटल के लिए बिलासपुर को प्राथमिकता दी जाएगी। इस पर विपक्ष की ओर से कहा गया कि केंद्र को स्मरण पत्र लिखेंगे क्या, तो स्वास्थ्य मंत्री ने सकारात्मक जवाब दिया। सत्ता पक्ष की ओर से कहा गया कि विपक्ष भी दिल्ली में बिलासपुर एम्स के लिए प्रयास करे।

बिलासपुर विधायक शैलेश पांडे का यह प्रश्न आज सबसे पहले सदन में आया। बिलासपुर संभाग की जनसंख्या को देखते हुए बिलासपुर में एम्स अस्पताल की स्थापना के लिए छत्तीसगढ़ सरकार प्रयास कर रही है। यह लोक स्वास्थ्य मंत्री के बयान से स्पष्ट हो गया है। विधायक शैलेश पांडे ने आज यह महत्वपूर्ण प्रश्न उठाकर विपक्ष का भी समर्थन प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *