रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा के आगमन पर मेगा रोड शो का आयोजन कर कार्यकर्ताओं की ताकत का जोरदार प्रदर्शन किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय को नमन करने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा का विशाल रोड शो दीनदयाल चौक तेलीबांधा से आरंभ हुआ। इस अवसर पर भाजपा अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री डी. पुरंदेश्वरी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने पण्डित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
भाजपा अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा के रोड शो के आरंभ स्थल से लेकर पूरे मार्ग पर नर्तक मंडलियां लोकशैली में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर रही थीं। दोपहर 1.30 बजे आरंभ हुए रोड शो में शामिल होने छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से कार्यकर्ता पहुंचे। भाजपा अध्यक्ष की स्वागत रैली दीनदयाल चौक से आरंभ होकर मरीन ड्राइव, भगतसिंह चौक, साक्षरता तिराहा, अंबेडकर चौक, शास्त्री चौक होते हुए एकात्म परिसर पहुंचेगी। मार्ग में जगह जगह बनाये गये स्वागत स्थलों पर श्री नड्डा का स्वागत किया जा रहा है। रोड शो के दौरान मार्ग के किनारों पर आम लोगों की भारी उपस्थिति दर्ज हुई। स्वागत रैली के अग्र भाग में भाजयुमो के हजारों कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाल कर अगवानी की।