जंगल में एक ही पेड़ से लटके मिले प्रेमी जोड़े के शव, एक ही दुपट्टे का फंदा; जांच में जुटी पुलिस

सूरजपुर। जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र में सुबह एक प्रेमी जोड़े के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। कल्याणपुर के कोटबहरा जंगल में दोनों के शव एक ही पेड़ पर फांसी के फंदे से लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि युवक और युवती एक ही गांव के रहने वाले थे। मंगलवार सुबह जंगल की ओर गए स्थानीय लोगों ने पेड़ पर दोनों के शव लटके देखे। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी।

एक ही दुपट्टे के सहारे लटके मिले शव

सूचना मिलते ही लटोरी चौकी पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद दोनों शवों को नीचे उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के शव एक ही पेड़ पर एक ही दुपट्टे के सहारे लटके मिले हैं। हालांकि, दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।

परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। घटना की परिस्थितियों को समझने के लिए पुलिस दोनों के परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।