0 टीआई दिलबाग सिंह ने ग्रामीणों को किया जागरूक
0 साइबर अपराध से बचाव के साथ नशे से दूर रहने की दी समझाइश
बकावंड। ग्राम पंचायत करपावंड में साइबर ठगी और नशामुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करपावंड थाना प्रभारी दिलबाग सिंह ने ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को बढ़ते साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा नशे के दुष्प्रभावों से बचने की सलाह दी।
थाना प्रभारी दिलबाग सिंह ने साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि अनजान व्यक्ति के फोन, लिंक, ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि पर भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाता, एटीएम, पासवर्ड अथवा ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें। थोड़ी सी सावधानी बरतकर साइबर ठगी से बचा जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने नशामुक्त समाज बनाने की दिशा में भी ग्रामीणों को जागरूक किया।

उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य और परिवार को प्रभावित करने के साथ-साथ समाज में भी कई तरह की समस्याओं को जन्म देता है। युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। कार्यक्रम में करपावंड के सरपंच लखमूराम नेताम, जनपद सदस्य नवल भारती, पंच मुरलीधर नेताम, सोमनाथ देवांगन, सोनाधर कश्यप, नवीना दास, दयो देवांगन, शानू बघेल, हेमबती कश्यप, निरबती कश्यप, सुनील कश्यप, जयराम देवांगन, भजन कश्यप सहित गांव के ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने साइबर अपराध से बचाव तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी एवं नशे के खिलाफ जागरूक करें। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम गांव-गांव में लगातार आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि लोग साइबर अपराध के जाल से बच सकें और युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर समाज एवं क्षेत्र के विकास में योगदान दे सकें।