धनियालुर ग्राम पंचायत ने किया सात गौवंशों का दान

0  जिले में गौसेवक चला रहे हैं गौदान अभियान 

जगदलपुर। सावन मास के पावन अवसर पर गौ संरक्षण एवं गौसेवा की सराहनीय पहल करते हुए धनियालुर ग्राम पंचायत द्वारा सात गौवंशों का दान गौशाला को किया गया। ग्राम में विचरण कर रहे घूमंतू गौवंशों को ग्राम पंचायत द्वारा विगत लगभग दो माह से कांजी हाउस में सुरक्षित रखा गया था। इनमें चार वयस्क एवं तीन छोटे गौवंश शामिल हैं।


हैप्पी कामधेनु गौशाला संचालक व गौ सेवा आयोग सदस्य दीपक पनपालिया ने कहा गौ सेवा और संरक्षण के उद्देश्य से ग्राम पंचायत ने इन सभी गौवंशों को हैप्पी कामधेनु गौशाला को दान किया है। यह गौदान गौ सेवकों द्वारा चलाए जा रहे ‘गौदान अभियान’ के अंतर्गत किया गया। गौसेवक मुन्ना कोरी ने कहा कि ग्राम पंचायत की इस पहल से गौवंशों को सुरक्षित एवं संरक्षित वातावरण मिल सकेगा। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने गौसेवा को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से गौदान एवं गौ संरक्षण अभियान से जुड़ने की अपील की। इस दौरान ग्राम पंचायत की सरपंच शामबती कश्यप के साथ तुलसीराम कश्यप, मनीराम कश्यप, हरिहर कश्यप, कैलाश कश्यप, टीलू पटेल, विजय कश्यप एवं गौ सेवक रोहन कुमार, जसवंत जोशी व इंद्र टेमरे उपस्थित रहे।