0 विद्यार्थियों को मजबूत बना रही हैं निशा साहू
बकावंड। उच्चतर माध्यमिक शाला बीजागुड़ा की शिक्षिका निशा साहू को उनके उत्कृष्ट शिक्षण कार्य एवं नवाचारों के लिए जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया। कलेक्टर आकाश छिकारा ने निशा साहू को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
बता दें कि शिक्षिका श्रीमती साहू विद्यालय में नई-नई नवाचार तकनीकों के माध्यम से बच्चों को शिक्षा प्रदान कर उन्हें आत्मविश्वासी बना रही हैं। केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि नृत्य, नाट्यकला, गीत, खेल एवं अन्य सहशैक्षणिक गतिविधियों में भी बच्चों को अव्वल बनाने में उनका विशेष योगदान रहा है। उनके इसी समर्पण और मेहनत के लिए जिले में संचालित विनोबा एप के अंतर्गत उन्हें बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिले के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा एवं जिला समन्वयक अशोक पांडेय भी उपस्थित रहे। शिक्षिका निशा साहू के इस सम्मान से पूरे विद्यालय परिवार एवं क्षेत्र में खुशी की लहर है।