रायपुर में पशुओं से क्रूरता का मामला,दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी में पशुओं को अमानवीय तरीके से परिवहन किए जाने का मामला सामने आया है। डीडी नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टाटा मजदा वाहन से 5 गाय और 5 बछड़ों को बरामद किया है। पशुओं को पर्याप्त जगह और वेंटिलेशन के बिना वाहन में ठूंसकर ले जाया जा रहा था। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार ग्लोबल स्टार अस्पताल के पास रिंग रोड नंबर-1 पर एक टाटा मजदा वाहन क्रमांक CG10/BN/0537 में पशुओं को क्रूरतापूर्वक ले जाने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना के बाद डीडी नगर थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर वाहन की जांच की।

पुलिस के मुताबिक, वाहन में 5 गाय और 5 बछड़ों को बेहद कम जगह में ठूंसकर रखा गया था। वाहन को तिरपाल से ढका गया था, जिससे पशुओं को पर्याप्त हवा मिलने में भी परेशानी हो रही थी। इस दौरान परिवहन से संबंधित जरूरी दस्तावेज भी मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

पुलिस ने आरोपियों से पशुओं के परिवहन की अनुमति और पशु चिकित्सक का प्रमाण पत्र समेत वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी ऐसे दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने वाहन से सभी पशुओं को गवाहों की मौजूदगी में बरामद कर अपने कब्जे में लिया।

पशुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें गौशाला भेजा गया। वहीं, जिला पशु चिकित्सालय पंडरी में सभी पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।

मामले में डीडी नगर थाने में अपराध क्रमांक 514/2026 के तहत पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने खिलेश यादव (22), निवासी तारबहार, बिलासपुर और रविन्द्र सिंह (55), निवासी गंगा नगर, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।