सुकमा। जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। चिंतलनार थाना क्षेत्र के ग्राम इत्तलंका के पास जंगल में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा डंप कर छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि इत्तलंका गांव के आसपास जंगल में नक्सलियों ने कुछ सामग्री छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर, 150वीं बटालियन CRPF के कमांडिंग ऑफिसर राकेश चंद्र शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नक्सल ऑप्स रोहित शाह के समन्वय से संयुक्त तलाशी अभियान की योजना बनाई गई।
इसके बाद F/150 BN CRPF, QAT 150 BN CRPF और थाना चिंतलनार पुलिस की संयुक्त टीम जंगल की ओर रवाना हुई। जवानों ने इत्तलंका गांव से करीब 300 मीटर दूर संदिग्ध स्थान को घेरकर सघन तलाशी शुरू की।
क्षेत्र में संभावित IED खतरे को देखते हुए BDD टीम की सहायता ली गई और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान जंगल में एक स्थान पर कपड़े में लिपटा संदिग्ध बैग दिखाई दिया। सुरक्षा जांच के बाद बैग को खोलने पर उसमें बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और नक्सली गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाला सामान मिला।
बरामद सामग्री को सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अभियान के बाद संयुक्त टीम के सभी जवान सुरक्षित रूप से अपने कैंप लौट आए।
बरामद सामग्री में शामिल हैं—
25 जिलेटिन स्टिक
16 BGL हेड
25 डेटोनेटर केस
12 मीटर कॉर्डेक्स वायर
2 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर
6 BGL प्लंजर
5 मीटर फ्लेक्सिबल वायर
1 चार्जिंग केबल
1 बैटरी कनेक्टर
1 BGL रॉ मटेरियल
1 बेल्ट
3 रोल वेल्क्रो
1 प्लास्टिक ड्रम
पुलिस का कहना है कि नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखी गई सामग्री की बरामदगी से उनके संभावित मंसूबों को बड़ा झटका लगा है। जिले में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एरिया डोमिनेशन और सघन तलाशी अभियान लगातार जारी रहेगा।