सुकमा/कोंटा। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोंटा पुलिस ने 308 किलो 280 ग्राम गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांजा ओडिशा के मलकानगिरी से राजस्थान ले जा रहे थे। पुलिस ने पिकअप वाहन समेत करीब 1.64 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन क्रमांक RJ-27-GE-6757 में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर कोंटा-मोटू मुख्य मार्ग स्थित कृष्ण मंदिर चौक, वार्ड क्रमांक 5, ढोंडरा में नाकाबंदी की गई।
इस दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के डाले में नमक की बोरियों के नीचे छिपाकर रखे 150 पैकेट गांजा बरामद हुए। तौल करने पर गांजे की कुल मात्रा 308 किलो 280 ग्राम निकली।
राजस्थान ले जा रहे थे गांजा
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान शिव कुमार प्रजापति (24) और उदय राम बलई (24), दोनों निवासी गाड़रमाल, भोपालगढ़, जिला भीलवाड़ा, राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजा ओडिशा के मलकानगिरी क्षेत्र से राजस्थान ले जा रहे थे। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 54 लाख 14 हजार रुपये बताई गई है। वहीं पिकअप वाहन सहित जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 64 लाख 49 हजार 550 रुपये है।
मामले में थाना कोंटा में अपराध क्रमांक 25/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) और 29 में अपराध दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की आगे की विवेचना की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुकमा रोहित शाह ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध परिवहन और तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि बड़ी मात्रा में गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।