नशीली कैप्सूल बेचने ग्राहक का इंतजार कर रहा था युवक, 82 कैप्सूल के साथ गिरफ्तार

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल के 82 नग और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भाटपाल चौक के पास एक व्यक्ति पॉलिथिन में प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बस्तर निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा और पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम जयराम विश्वकर्मा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 82 नग प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल बरामद हुईं। इसके अलावा पुलिस ने उसका एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।