नई दिल्ली। वनडे विश्व कप 2027 के लिए क्वालीफिकेशन की तस्वीर अब काफी हद तक साफ हो गई है। आयरलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में अफगानिस्तान ने 3 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज कर विश्व कप के मुख्य चरण में अपनी जगह पक्की कर ली। इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होने वाले टूर्नामेंट के लिए अब तक 10 टीमों का टिकट तय हो चुका है।
अफगानिस्तान की एंट्री के साथ भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान ने सीधे विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। वहीं दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को मेजबान होने के कारण पहले ही टूर्नामेंट में जगह मिल चुकी है।
दूसरी ओर, दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज के लिए स्थिति बेहद चिंताजनक है। कैरेबियाई टीम इस बार भी सीधे विश्व कप में प्रवेश नहीं कर पाएगी और उसे क्वालीफायर टूर्नामेंट के जरिए जगह बनाने की कोशिश करनी होगी। यह लगातार तीसरी बार होगा, जब वेस्टइंडीज को विश्व कप का टिकट हासिल करने के लिए क्वालीफायर की चुनौती से गुजरना पड़ेगा।
ICC के क्वालीफिकेशन सिस्टम के मुताबिक 30 सितंबर 2026 की ODI रैंकिंग के आधार पर मेजबान टीमों को छोड़कर शीर्ष आठ टीमें सीधे विश्व कप के मुख्य चरण में प्रवेश करेंगी। वेस्टइंडीज फिलहाल रैंकिंग में 10वें स्थान पर है। भारत के खिलाफ 30 सितंबर से पहले होने वाले दो वनडे उसके लिए अहम जरूर हैं, लेकिन इन मुकाबलों में जीत के बावजूद सीधे क्वालीफाई करने की स्थिति बनना मुश्किल है।
वेस्टइंडीज के लिए यह स्थिति पहली बार नहीं आई है। 2023 विश्व कप में भी टीम सीधे क्वालीफाई नहीं कर सकी थी। क्वालीफायर टूर्नामेंट में सुपर सिक्स चरण के दौरान खराब प्रदर्शन के कारण कैरेबियाई टीम पहली बार वनडे विश्व कप से बाहर हो गई थी। इसके बाद वह 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में भी जगह नहीं बना सकी।
2027 विश्व कप के लिए ICC ने क्वालीफिकेशन का नया रास्ता तैयार किया है। क्वालीफायर प्लेऑफ में लीग-2 की निचली चार और चैलेंज लीग की चार टीमें हिस्सा लेंगी। कुल आठ टीमों में से शीर्ष चार मुख्य क्वालीफायर टूर्नामेंट में पहुंचेंगी।
मुख्य क्वालीफायर में अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीमों के लिए भी विश्व कप का रास्ता खुला रहेगा। क्वालीफायर की विजेता टीम को सीधे मुख्य टूर्नामेंट में जगह मिलेगी, जबकि दूसरे से चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को सुपर सीरीज के जरिए एक और मौका दिया जाएगा। इस तीन टीमों की सीरीज में शीर्ष पर रहने वाली टीम भी विश्व कप का टिकट हासिल कर सकेगी।
ऐसे में वेस्टइंडीज के सामने अब अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा वापस पाने की बड़ी चुनौती है। कभी विश्व क्रिकेट की सबसे मजबूत टीमों में शुमार रही कैरेबियाई टीम लगातार तीसरी बार क्वालीफायर के रास्ते विश्व कप तक पहुंचने की कोशिश करेगी। उसके लिए यह सिर्फ क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट नहीं, बल्कि वनडे क्रिकेट में अपनी पुरानी पहचान वापस हासिल करने की परीक्षा भी होगी।