भाजपा सांसदों और मोदी के मंत्रियों का प्रदर्शन भाजपाइयों का दोहरा चरित्र है – कांग्रेस

रायपुर। छात्र आंदोलनों को लेकर भाजपा सांसदों के संसद के बाहर प्रदर्शन को राजनैतिक पाखण्ड करार देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि जंतर मंतर में छात्रों पर की गई बर्बरता पर समूचा विपक्ष सरकार से जवाब मांग रहा है, विगत 15 दिनों से देश के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सदन में जवाबदेही से भाग रहे हैं, मुंह छुपाते फिर रहे हैं और आज देश की जनता ने पहली बार देखा है कि सत्ताधारी पार्टी के सांसद, मंत्री सदन के बाहर विपक्ष के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। यह कृत्य कायर षड्यंत्रकारी संघीयों के प्रतिक्रियावाद का ही प्रमाण है। दिल्ली के जंतर-मंतर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे जेन जी छात्रों पर पैलेट गन किसने चलवाए, आशुगैस के गोले छोड़ने का आदेश कहां से आया, देश की बेटियों पर अभद्रतापूर्वक बर्ताव के दोषियों को किनका संरक्षण है, सरकार इन सवालों के जवाब से बचने के लिए ही खुद प्रदर्शन करवा रही है। भाजपाइयों का ऐसा कृत्य असंवैधानिक है, लोकतांत्रिक मर्यादा के विपरीत है, सर्वथा निंदनीय है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि ये विपक्ष की ताकत है कि आज भले ही इनका राजनैतिक इवेंट हो, लेकिन हमने भाजपा के नेताओं को छात्रों पर हुई बर्बरता पर बात करने मजबूर तो किया है, यदि उनकी सहानुभूति छात्रों के प्रति है तो अब देश के गृह मंत्री अमित शाह सदन में आएं और बयान दें, इंस्टाग्राम पर रिल बनाने से काम नहीं चलेगा देश के प्रधानमंत्री रियल में अपनी गलती स्वीकार करें और जेन जी छात्रों से माफी मांगे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में मणिपुर विगत 3 वर्षों से जल रहा है, भाजपा सांसद मौन हैं? अरुणाचल प्रदेश में चीनी अतिक्रमण पर भाजपा सांसद मौन हैं, महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ती असमानता पर भाजपा के सांसद मौन हैं? ट्रम के टैरिफ और विदेश नीति की समीक्षा पर भाजपा सांसद मौन हैं? देश पर जबरिया थोपे जा रहे श्रम विरोधी संशोधनों और कॉर्पोरेट परस्त नीतियों पर भाजपा सांसद मौन हैं? लेकिन जहां पर इन्हें जवाब देना चाहिए वहां पर आरोप लगाने लगे हैं। अपनी कमियों को छुपाने के लिए जवाबदेही से भाग रहे हैं भाजपाई।