० दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण से निकली भव्य तिरंगा यात्रा, हजारों स्कूली छात्र और शहरवासी बने राष्ट्रभक्ति के कारवां का हिस्सा
० महापौर संजय पांडे ने छात्रों और युवाओं से हर घर तिरंगा फहराने का किया आह्वान
जगदलपुर। आजादी के अमृत भाव और राष्ट्रभक्ति के उत्साह से जगदलपुर शहर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण से धूमधाम के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में लहराता राष्ट्रीय ध्वज, देशभक्ति के नारों से गूंजती सड़कें और भारत माता के जयघोष ने पूरे शहर को राष्ट्रभक्ति के माहौल में सराबोर कर दिया।
तिरंगा यात्रा में महापौर संजय पांडे, जिला पंचायत अध्यक्षा वेदवती कश्यप, बस्तर महाराजा कमलचंद भंजदेव ,भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे, निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन एवं पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना , अपर कलेक्टर सीपी बघेल निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए। यात्रा में शहर के विभिन्न स्कूलों से पहुंचे हजारों स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों के हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारे पूरे आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहे।
इन प्रमुख मार्गों से गुजरा राष्ट्रभक्ति का कारवां
दंतेश्वरी मंदिर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा सीरासार चौक, गोल बाजार, मेन रोड, कोतवाली, शहीद पार्क, चांदनी चौक और संजय मार्केट चौक से होकर गुजरी। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए यात्रा पुनः दंतेश्वरी मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने तिरंगे का अभिवादन किया। देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से शहर का वातावरण गूंज उठा। विद्यार्थियों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे मार्ग में राष्ट्रध्वजों की कतार और देशभक्ति के नारों ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
महापौर संजय पांडे ने जगाया राष्ट्रभाव, बोले—तिरंगा हमारी पहचान और गौरव का प्रतीक
तिरंगा यात्रा के दौरान महापौर संजय पांडे ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि आज का दिन केवल तिरंगा हाथ में लेकर यात्रा निकालने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का दिन है।तिरंगा हमारे लिए महज कपड़े का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की जीवंत पहचान है।
उन्होंने कहा कि तिरंगे के तीनों रंग हमें जीवन और राष्ट्र के प्रति अलग-अलग संदेश देते हैं। केसरिया रंग त्याग, साहस और शौर्य की प्रेरणा देता है, सफेद रंग शांति और सत्य का संदेश देता है, जबकि हरा रंग समृद्धि, विकास और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। तिरंगे के मध्य स्थित अशोक चक्र हमें निरंतर आगे बढ़ते रहने और कर्म करते रहने की प्रेरणा देता है।
महापौर ने कहा कि देश की ताकत केवल सीमाओं पर खड़े सैनिकों से नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा से भी बनती है।विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। उनके भीतर राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, ईमानदारी और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होगी तो भारत का भविष्य और अधिक सशक्त होगा।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी को अपनाएं तथा जिस भी क्षेत्र में जाएं, देश और समाज के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रप्रेम केवल नारों और आयोजनों तक सीमित नहीं होना चाहिए। अपने शहर को स्वच्छ रखना, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना, कानून का सम्मान करना, जरूरतमंद की मदद करना और अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना भी सच्ची देशभक्ति है।
महापौर ने कहा कि जगदलपुर की यह तिरंगा यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि एकता और राष्ट्रभाव का सामूहिक संकल्प है।इसमें हजारों विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी यह संदेश देती है कि राष्ट्र के सम्मान और तिरंगे की आन-बान-शान के लिए पूरा शहर एकजुट है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर में तिरंगा फहराएं और नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम, वीर शहीदों के बलिदान तथा संविधान के मूल्यों से परिचित कराएं। उन्होंने कहा कि जब देश पहले और स्वयं बाद में होगा, तभी मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का सपना साकार होगा।
इस अवसर पर पूर्व महापौर सफीरा साहू,, ललिता बघेल, राजकुमारी यादव,भाजपा जिला महामंत्री रजनीश पाणिग्रही, परिश बेसरा एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, लक्ष्मण झा, सुरेश गुप्ता,संजय विश्वकर्मा, योगेंद्र पांडे,त्रिवेणी रंधारी, श्वेता बघेल,संग्राम सिंह राणा एवं पश्चिम मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा,पूर्वी मंडल अध्यक्ष अविनाश श्रीवास्तव,, उमा मिश्रा, पूनम सिन्हा,हरिश पारेख,पितामह नायक, आलोक अवस्थी, पारुल बोथरा, नरसिंह राव, आशा साहू, संतोष गौर,बसंती समरथ, उर्मिला यादव, गायत्री बघेल, रोशन सिसोदिया एवं एल्डरमैन जिसमें यशवर्धन राव, लक्ष्मी कश्यप, अतुल कोशल, राजेश श्रीवास्तव,आशुतोष पॉल सहित अधिकारी कर्मचारी गण उपस्थित है।