0 भगवान शिव और हिंदू धार्मिक मान्यताओं पर कथित टिप्पणी से रोष
जगदलपुर। सोशल मीडिया पर भगवान शिव एवं हिंदू धार्मिक मान्यताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक पोस्ट और टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल जिला बस्तर ने थाना कोतवाली पहुंचकर शिकायती आवेदन सौंपा और संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
संगठन का आरोप है कि “हंसराज गोयल” नामक फेसबुक प्रोफाइल से भगवान शिव के शिवलिंग सहित अन्य देवी-देवताओं की धार्मिक मान्यताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक पोस्ट की गई है। वहीं अरुण पन्नालाल नामक यूजर द्वारा उक्त पोस्ट पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का भी शिकायत में उल्लेख है।विहिप और बजरंग दल ने कहा कि धार्मिक आस्थाओं से जुड़े विषयों पर इस तरह की कथित टिप्पणियां समाज की भावनाओं को आहत करने के साथ सामाजिक सौहार्द के लिए भी चुनौती बन सकती हैं। संगठन ने पुलिस से सोशल मीडिया पोस्ट और टिप्पणी की तकनीकी एवं तथ्यात्मक जांच कर दोष पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।शिकायत सौंपने वालों में विहिप-बजरंग दल जिला अध्यक्ष शंकर लाल गुप्ता, जिला मंत्री नवीन देवांगन, जिला कोषाध्यक्ष सुरेंद्र तिवारी, बजरंग दल जिला संयोजक विष्णु ठाकुर, जिला सह मंत्री घनश्याम नाग, नगर अध्यक्ष प्रतीक गुरु, नगर सह मंत्री भवानी सिंह चौहान, नगर समरसता प्रमुख सुदेश बघेल, नगर सत्संग प्रमुख सुंदर कश्यप सहित सूरज पटनायक, अनिल राजपूत, सौरभ साहनी, हर्षित मंडावी, रवि वर्मा एवं शिवा मौजूद रहे।संगठन ने स्पष्ट किया कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े मामलों में पुलिस प्रशासन को सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि ऐसी कथित आपत्तिजनक सामग्री से सामाजिक वातावरण प्रभावित न हो।