बिलासपुर। तखतपुर विकासखंड के ग्राम खमरिया में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने अवैध रूप से एलोपैथिक दवाइयों के भंडारण के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम स्थित सोमू मेडिकल स्टोर्स के पीछे संचालित एक क्लीनिक की जांच के दौरान बिना वैध औषधि अनुज्ञप्ति के रखी गई 36 प्रकार की दवाइयां जब्त की गईं।
यह कार्रवाई जिले में अवैध औषधि कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे निरीक्षण अभियान के तहत की गई। विभाग को मिली सूचना के आधार पर टीम ने खमरिया स्थित क्लीनिक में जांच की। जांच के दौरान बीरेन्द्र मलिक के पास विभिन्न प्रकार की एलोपैथिक दवाइयों का भंडारण पाया गया।
लैब जांच के लिए भेजे जाएंगे सैंपल
विभागीय टीम ने मौके पर मौजूद दवाइयों को नियमानुसार जब्त कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त औषधियों के नमूने निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे जाएंगे। रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग का कहना है कि बिना वैध औषधि अनुज्ञप्ति के दवाइयों का इस तरह भंडारण करना औषधि अधिनियम, 1940 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई के दायरे में आता है।
ग्रामीणों ने उठाए निगरानी पर सवाल
कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने विभागीय निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि संबंधित व्यक्ति लंबे समय से यहां रहकर लोगों का इलाज कर रहा था और आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए पहुंचते थे।
ग्रामीणों के मुताबिक, यह गतिविधि कथित तौर पर 20 वर्षों से अधिक समय से चल रही थी। उनका कहना है कि यदि लंबे समय से यहां क्लीनिक और दवाइयों का कारोबार संचालित हो रहा था, तो विभागीय अमले को इसकी जानकारी पहले क्यों नहीं हुई?
ग्रामीणों ने मांग की है कि केवल दवाइयों की जब्ती तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि इस बात की भी जांच हो कि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पहले कोई शिकायत हुई थी या नहीं और नियमित निरीक्षण के बावजूद यह गतिविधि इतने लंबे समय तक कैसे चलती रही।
विभाग ने लोगों से की अपील
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की कार्रवाई सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल के मार्गदर्शन, सहायक औषधि नियंत्रक भीष्म देव सिंह के नेतृत्व और औषधि निरीक्षक सुनील पंडा द्वारा की गई।
विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे केवल वैध अनुज्ञप्तिधारी मेडिकल स्टोर से ही दवाइयां खरीदें। बिना लाइसेंस दवाइयों के भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील भी की गई है।