सड़क के गड्ढे ने पलटी एम्बुलेंस: बलौदाबाजार में बड़ा हादसा, 6 घायल, दो की हालत गंभीर

बलौदाबाजार। जिले में जर्जर सड़कों का खामियाजा अब आम लोगों को सड़क हादसों के रूप में भुगतना पड़ रहा है। कसडोल थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर सड़क पर बने गड्ढे की वजह से एक एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में छह लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा कसडोल-कटगी मुख्य मार्ग (NH-130B) पर ग्राम पीसीद स्थित जायसवाल ढाबा के पास हुआ। एम्बुलेंस क्रमांक CG 04 PP 4032 रायपुर से मरीज का इलाज कराकर ओडिशा के बरगढ़ जिले लौट रही थी। वाहन में मरीज, उनके परिजन, चालक और हेल्पर सहित कुल आठ लोग सवार थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ग्राम पीसीद के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे से गुजरते समय एम्बुलेंस अचानक उछल गई। तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और एम्बुलेंस सड़क पर पलट गई।

हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। आरक्षक आशुतोष बंजारे और चालक केशव प्रसाद साहू ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से एम्बुलेंस में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसी दौरान ग्राम छांछी के निजी एम्बुलेंस चालक हरनारायण साहू भी दो एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

दुर्घटना में क्वाता भोई (60), नारायण हाथी (40), गोवर्धन खोड़िया (80), सरोज खड़िया (30), जगन्नाथ भाट (45) और हलधर खोड़िया (66) घायल हुए हैं। सभी ओडिशा के बरगढ़ जिले के निवासी बताए गए हैं। घायलों के सिर, छाती, पीठ, पेट, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, छह घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि चार अन्य खतरे से बाहर हैं। एम्बुलेंस का चालक और हेल्पर सुरक्षित हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।