जांजगीर-चांपा। जिले में लगातार मंदिरों में हो रही चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। लाखों रुपये के कर्ज से परेशान आरोपियों ने नाबालिग साथी के साथ मिलकर तीन अलग-अलग मंदिरों को निशाना बनाया था। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने बताया कि 1 और 2 अगस्त की दरमियानी रात बम्हनीडीह स्थित रामजानकी मंदिर, नवागढ़ थाना क्षेत्र के महंत गांव के चंडी दाई मंदिर और जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर में चोरी की घटनाएं हुई थीं। बदमाश मंदिरों से चांदी के छत्र, देवी-देवताओं के चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण और दानपेटियों में रखी नकदी लेकर फरार हो गए थे। लगातार हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में लोगों में भारी नाराजगी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की। जांच के दौरान घटनास्थलों और आसपास के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया गया। फुटेज में एक बाइक पर सवार चार संदिग्धों की गतिविधियां सामने आने के बाद साइबर सेल की मदद से उनकी पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि उन पर लाखों रुपये का कर्ज था, जिसे चुकाने के लिए उन्होंने मंदिरों में चोरी की योजना बनाई। वारदात के बाद चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान को प्रशांत पटेल के घुटिया स्थित घर के पीछे जमीन में गाड़ दिया था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने जमीन खोदकर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और इलेक्ट्रॉनिक कटर भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रशांत पटेल (23 वर्ष), प्रभात पटेल (18 वर्ष) और परमानंद पटेल (25 वर्ष) निवासी घुटिया, थाना पामगढ़ के रूप में हुई है। वहीं, चौथे आरोपी नाबालिग को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।