सांसद महेश कश्यप की पहल पर हजारों शिवभक्तों की आस हुई पूरी

0 सावन के प्रथम सोमवार हजारों श्रद्धालु पहुंचे भूपालेश्वर मंदिर

0 श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि : सांसद महेश कश्यप 

जगदलपुर। सावन माह के प्रथम सोमवार को बस्तर लोकसभा सांसद महेश कश्यप की पहल पर संभाग मुख्यालय जगदलपुर के ऐतिहासिक दलपत सागर स्थित प्राचीन शिव मंदिर तक श्रद्धालुओं के लिए विशेष मोटरबोट सेवा सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित की गई। इस व्यवस्था के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
श्रद्धालुओं एवं गौ सेवकों की मांग पर सांसद महेश कश्यप ने सावन के प्रत्येक सोमवार मोटरबोट की व्यवस्था सुनिश्चित कराई है, जिससे बड़ी संख्या में शिवभक्त दर्शन पूजन का लाभ उठा सकेंगे। सांसद महेश कश्यप ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था सर्वोपरि है। सावन के पावन माह में अधिक से अधिक शिवभक्तों को भगवान भोलेनाथ के दर्शन सुलभ कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। गौ सेवक रोहन कुमार ने बताया दलपत सागर छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े ऐतिहासिक तालाबों में से एक है, जिसका निर्माण काकतीय वंश के शासक दलपत देव द्वारा कराया गया था। काकतीय शासक भूपाल देव ने दलपत सागर तालाब के मध्य स्थित प्राचीन शिव मंदिर का निर्माण करवाया औऱ शिवलिंग की स्थापना की। यह मंदिर लगभग 300 वर्ष पुराना है। इस मंदिर को भूपालेश्वर महादेव मंदिर भी कहते हैं। यह मंदिर महाशिवरात्रि को छोड़ सामान्य दिनों में श्रद्धालुओं की पहुंच से दूर रहता है। इस अवसर पर अनिल अग्रवाल, नरेश कोरी, रोहन कुमार, देवेंद्र कश्यप, तमिश नायडू, रवि नेताम,अजय यादव, जसवंत जोशी, भवानी चौहान, इंद्र टेमरे, रोहन सेठिया सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं गौ सेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *