दुर्ग। जिले के जेवरा-सिरसा थाना क्षेत्र में लूट का विरोध करना ग्राम तूमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप को भारी पड़ गया। रविवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी और मोबाइल फोन व नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रकाश सिंह कश्यप अपने एक साथी के साथ भिलाई से गांव लौट रहे थे। करगीडीह और चिखली चौक के बीच एक बाइक पर सवार चार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पहले मोबाइल फोन और नकदी छीनने की कोशिश की।
जब उपसरपंच ने लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनके साथ मौजूद साथी किसी तरह जान बचाकर वहां से निकला और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
घटना के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और लगभग चार हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही जेवरा-सिरसा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
मृतक प्रकाश सिंह कश्यप धमधा ब्लॉक के ग्राम तूमाकला के उपसरपंच थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और ग्रामीणों में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर आक्रोश है।
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।