गाय के साथ दुष्कर्म का आरोप, आरोपी जय दास गिरफ्तार

0 ​ गौरक्षा दल की शिकायत पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई 
0 महिला ने आरोपी को डंडे मारकर भगाया 
​जगदलपुर। शहर के संतोषी वार्ड में गाय के साथ दुष्कर्म किए जाने की एक अत्यंत निंदनीय एवं संवेदनहीन घटना सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही गौ रक्षा दल के सदस्यों ने तत्काल बोधघाट थाने में पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जय दास को गिरफ्तार कर लिया है।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी गौवंश के साथ दुराचार करता हुआ दिखाई दे रहा है। कृत्य के दौरान एक स्थानीय महिला ने आरोपी को देख लिया और डंडे से पीटकर उसे मौके से भगाया। घटना पर कड़ा आक्रोश जताते हुए गौ सेवक मुन्ना कोरी ने कहा कि हिंदू धर्म में गाय को पवित्र माता का दर्जा दिया गया है और गौ माता में तैतीस कोटि देवी देवताओं का वास माना जाता है। उन्होंने कहा कि आरोपी जय दास द्वारा किया गया यह कृत्य न केवल सामाजिक एवं धार्मिक मान्यताओं पर आघात है, बल्कि अत्यंत घिनौना और अक्षम्य है। ऐसी विकृत मानसिकता वाले व्यक्तियों के खुले घूमने से न केवल गौवंश, बल्कि समाज में महिलाएं और बच्चियां भी असुरक्षित महसूस करती हैं। ​गौ सेवक रोहन कुमार ने कहा कि आरोपी के खिलाफ पुलिस विभाग ने शिकायत प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई की है l छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों में भी पूर्व में इस प्रकार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे समाज में गहरा असंतोष है। अपराधों की इस प्रवृत्ति को रोकने के लिए राज्य सरकार से मांग है कि ऐसे कुकृत्यों के खिलाफ और अधिक कठोर कानूनी प्रावधान एवं सख्त धाराएं बनाई जाएं, जिससे भविष्य में कोई भी ऐसा अपराध करने का दुस्साहस न कर सके।बोधघाट पुलिस ने शिकायत और सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी जय दास के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसते हुए भारतीय न्याय संहिता तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी एवं न्यायिक कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान मुन्ना कोरी, रोहन कुमार, इंद्र टेमरे, संजय मौर्य, तमिश नायडू, अभिषेक साहू, रवि नेताम, भवानी चौहान, कमल निषाद एवं योगेश ठाकुर सहित अन्य गौ सेवक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *