0 जल बहाव प्रभावित, हादसे का भी अंदेशा
जगदलपुर। बस्तर विकासखंड की ग्राम पंचायत कुड़कानार में भारी बारिश के बीच खोदी गई नाली अब ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। नाली का निर्माण बिना सर्वे और तकनीकी मापदंडों का पालन किए किया गया, जिससे कई घरों में बारिश का पानी घुसने का खतरा पैदा हो गया है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति नहीं सुधारी गई तो कई कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो सकते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार नाली कई घरों से मात्र तीन मीटर की दूरी पर तो कहीं सात मीटर तक गलत दिशा में खोद दी गई है। इससे बरसात का पानी प्राकृतिक बहाव छोड़कर आबादी की ओर मुड़ने लगा है। लगातार बारिश होने पर पानी घरों में घुसने और मकानों की नींव कमजोर होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। गांव के लोगों का कहना है कि खुली और गहरी नाली छोटे बच्चों, बुजुर्गों तथा राहगीरों के लिए भी खतरा बन गई है। रात के समय या तेज बारिश में किसी के भी नाली में गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि किसी की जान-माल का नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा? इस मामले में जनपद पंचायत के सीईओ से चर्चा किए जाने पर उन्होंने कहा कि यदि नाली निर्माण में किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटि या लापरवाही हुई है तो संबंधित पंचायत सचिव से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं जनपद पंचायत से मांग की है कि तत्काल मौके का निरीक्षण कर नाली निर्माण की तकनीकी जांच कराई जाए, त्रुटिपूर्ण कार्य को सुधारते हुए सुरक्षित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल किए जाएं।