भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल, ट्रक में घुसी कार

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव उत्तर प्रदेश के झांसी-ललितपुर हाईवे पर सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब वे गुरु पूर्णिमा पर बागेश्वर धाम में दर्शन करने के बाद परिवार के साथ वापस लौट रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। दुर्घटना में किरण सिंह देव को कमर और पैर में चोटें आई हैं, जबकि उनके चालक को भी चोट लगी है। हादसे के समय उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी वाहन में मौजूद थे। परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार में यात्रा कर रहे थे और सुरक्षित हैं।

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से किरण सिंह देव को झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें हेलीकॉप्टर के माध्यम से रायपुर लाने की तैयारी भी की जा रही है।

इधर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें किरण सिंह देव के घायल होने की सूचना मिली है। उन्होंने माँ दंतेश्वरी से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी दुर्घटना पर दुख जताते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के जल्द स्वस्थ होने और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएँ दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *