0 एसएमसी की पहली बैठक, विद्यालय विकास के 8 प्रस्ताव पारित
जगदलपुर। पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय (सेजेस) बस्तर में नवगठित शाला प्रबंधन समिति की पहली बैठक अध्यक्ष किरण सेठिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने पर मंथन करते हुए आठ महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बैठक की शुरुआत नव निर्वाचित अध्यक्ष किरण सेठिया, उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार तिवारी एवं समिति के सभी सदस्यों के स्वागत और अभिनंदन से हुई। अध्यक्ष किरण सेठिया ने कहा कि विद्यालय को जिले का आदर्श शिक्षण संस्थान बनाने के लिए समिति, शिक्षक और अभिभावक मिलकर कार्य करेंगे। उपाध्यक्ष जितेंद्र कुमार तिवारी ने संस्था के सर्वांगीण विकास तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली को प्राथमिकता देने की बात कही। खंड शिक्षा अधिकारी भारती देवांगन ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए परीक्षा परिणामों में सुधार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए आवश्यक सुझाव दिए। वहीं कार्यक्रम के संरक्षक रामानंद मिश्रा ने शिक्षकों की समस्याएं सुनकर उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। बैठक में शैक्षणिक गतिविधियों के सुदृढ़ीकरण, आधारभूत संरचना के विकास, स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों, छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरण, शिक्षकों के रिक्त पदों की पूर्ति, भृत्य की नियुक्ति, बालवाड़ी संचालन एवं विद्यालय में अनुशासन व्यवस्था सहित आठ प्रमुख विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। समिति ने आगामी छह माह में विद्यालय को जिले के अग्रणी शैक्षणिक संस्थानों में शामिल कराने का लक्ष्य भी निर्धारित किया। बैठक में सहायक खंड शिक्षा अधिकारी सुशील तिवारी, प्राचार्य पीआर लाउत्रे, प्रभारी प्राचार्य कुलेश्वर यादव, पार्षद समीर मिश्रा, एसएमसी सदस्य नरसिंह नाग, हेमराज बघेल, नीलांबर बिसाई, पुरुषोत्तम दीवान, कमलेश नागे, माया यादव, योगिता नाग, पिंकी कश्यप, सेवती बघेल सहित शिक्षक एवं पालकगण उपस्थित रहे।