0 संकुल केंद्र कलचा में हुआ भव्य समारोह
जगदलपुर। संकुल केंद्र कलचा की माध्यमिक शाला पोरसागुड़ा में प्रधान अध्यापक के पद पर अपनी दीर्घकालीन सेवाएं देने के पश्चात सेवानिवृत्त हुईं उषा वट्टी के सम्मान में 25 जुलाई को संकुल केंद्र कलचा में भावपूर्ण एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संकुल प्राचार्य, संकुल समन्वयक, सरपंच, उपसरपंच सहित संकुल केंद्र कलचा के अंतर्गत आने वाली सभी 10 शालाओं के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को आत्मीय एवं यादगार बना दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम का सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन अनिता नाग ने किया। संपूर्ण कार्यक्रम संकुल समन्वयक के मार्गदर्शन एवं देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उषा वट्टी के दीर्घ शिक्षकीय सेवाकाल को स्मरण करते हुए उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि श्रीमती वट्टी ने अपने सेवाकाल के दौरान पूरी निष्ठा, लगन एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किया। प्रधान अध्यापक के रूप में उनके कुशल नेतृत्व एवं सरल, सहज और सहयोगात्मक व्यवहार ने विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों के बीच विशेष स्थान बनाया। इस अवसर पर उषा वट्टी को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। संकुल परिवार की ओर से उनके स्वस्थ, सुखद, दीर्घायु एवं मंगलमय सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दी गईं। अपने विदाई उद्बोधन में उषा वट्टी ने अपने सेवाकाल के अनुभवों एवं अविस्मरणीय स्मृतियों को साझा करते हुए सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सहकर्मियों, विद्यार्थियों एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों से जुड़ी स्मृतियां उनके जीवन में सदैव अमूल्य एवं अविस्मरणीय रहेंगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। संकुल केंद्र कलचा के अंतर्गत आने वाली सभी 10 शालाओं के शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति एवं आत्मीय सहभागिता ने इस विदाई समारोह को भावपूर्ण एवं अविस्मरणीय बना दिया।