रायपुर पश्चिम को ₹133.08 लाख की बड़ी सौगात! मूणत ने किया विकास कार्यों का भूमिपूजन

0 नाली, आंगनबाड़ी, सामुदायिक भवन और जनसुविधाओं के विस्तार से बदलेगी वार्ड की तस्वीर

रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और सुनियोजित अधोसंरचना विकास की दिशा में शुक्रवार को एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया। शहीद भगत सिंह वार्ड क्रमांक 21 में ₹133.08 लाख की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण रायपुर पश्चिम के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

टाटीबंध यदुवंशी चौक स्थित गायत्री मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम रायपुर के सभापति सूर्यकांत राठौर, क्षेत्रीय पार्षदगण, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान टाटीबंध रायपुर में निर्मित सामुदायिक भवन तथा टाटीबंध यदुवंशी चौक स्थित अपूर्ण रंगमंच के पूर्णता कार्य का लोकार्पण किया गया। वहीं वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में नाली निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, विद्यालय में बाउंड्रीवाल, शौचालय एवं अन्य निर्माण कार्यों सहित अनेक जनोपयोगी विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ।

विकास कार्यों के शुभारंभ को लेकर स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। क्षेत्रवासियों ने वर्षों से महसूस की जा रही बुनियादी आवश्यकताओं के समाधान की दिशा में इन कार्यों को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।

विकास मेरे लिए घोषणा नहीं, जनता के प्रति निभाया जाने वाला दायित्व है — राजेश मूणत

इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि रायपुर पश्चिम का सर्वांगीण, संतुलित और दूरगामी विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास का अर्थ केवल भवन, सड़क या नाली का निर्माण नहीं, बल्कि नागरिकों के दैनिक जीवन को सरल, सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानपूर्ण बनाना है। मूणत ने कहा, “विकास मेरे लिए किसी घोषणा, शिलापट्ट अथवा आंकड़ों का विषय नहीं है। यह जनता द्वारा दिए गए विश्वास के प्रति निभाया जाने वाला दायित्व है। जब किसी मोहल्ले की वर्षों पुरानी जल निकासी की समस्या दूर होती है, बच्चों को बेहतर आंगनबाड़ी केंद्र मिलता है, विद्यालय की सुविधाएं मजबूत होती हैं और समाज को अपने आयोजनों के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होता है, तभी विकास का वास्तविक अर्थ धरातल पर दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह वार्ड में जिन कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण हुआ है, वे स्थानीय नागरिकों से सतत संवाद तथा क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं के आधार पर प्राथमिकता में लिए गए हैं।

मूणत ने कहा, “रायपुर पश्चिम का कोई वार्ड, कोई मोहल्ला और कोई बस्ती विकास की मुख्यधारा से पीछे न रहे—इसी संकल्प के साथ हम निरंतर कार्य कर रहे हैं। मेरा प्रयास है कि विकास की गति अंतिम गली और अंतिम नागरिक तक पहुंचे। जनता ने जो विश्वास और जिम्मेदारी मुझे सौंपी है, उसे विकास और जनसेवा के रूप में लौटाना मेरा कर्तव्य है।” उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोपरि रहेगी।

संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि स्वीकृत कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।

मूणत ने कहा विकास कार्यों की घोषणा कर देना हमारा उद्देश्य नहीं है। कार्य समय पर और पूरी गुणवत्ता के साथ धरातल पर पूर्ण हो तथा उसका लाभ सीधे जनता तक पहुंचे—यही हमारी कार्यसंस्कृति है।वार्ड स्तर की मजबूत अधोसंरचना ही विकसित शहर की वास्तविक नींव”

नगर निगम रायपुर के सभापति सूर्यकांत राठौर ने कहा कि किसी भी शहर के विकास का वास्तविक मूल्यांकन उसके वार्डों और मोहल्लों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं से होता है। उन्होंने कहा, एक विकसित शहर की कल्पना तभी सार्थक होती है, जब उसकी प्रत्येक बस्ती और प्रत्येक वार्ड में नागरिक सुविधाएं मजबूत हों। नाली निर्माण से लेकर आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालयीन अधोसंरचना और सामुदायिक भवन तक—ये सभी कार्य सीधे आम नागरिक के जीवन और उसकी दैनिक आवश्यकताओं से जुड़े हैं। राठौर ने कहा कि विधायक राजेश मूणत लगातार रायपुर पश्चिम की स्थानीय आवश्यकताओं को गंभीरता के साथ उठाते हुए विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए सक्रिय हैं।₹133.08 लाख की लागत से हुए लोकार्पण एवं प्रारंभ किए गए विकास कार्य शहीद भगत सिंह वार्ड की अधोसंरचना को नई मजबूती प्रदान करेंगे।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, नगर निगम और स्थानीय नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय से विकास की गति को और अधिक परिणाममूलक बनाया जा सकता है।
₹133.08 लाख के कार्यों से नागरिक सुविधाओं को मिलेगी नई मजबूती
कार्यक्रम में कुल ₹133.08 लाख की लागत के विकास कार्यों की सौगात वार्डवासियों को मिली। इनमें जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर नाली निर्माण, बच्चों के लिए आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालयीन अधोसंरचना का विस्तार, सामुदायिक भवन तथा अन्य जनोपयोगी निर्माण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा, बच्चों और महिलाओं से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार होगा तथा सामाजिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध होगी। कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्यों का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं को समझकर उन्हें योजनाओं में शामिल करना और फिर धरातल पर कार्य प्रारंभ करना जनभावनाओं के सम्मान का परिचायक है। इस अवसर पर पार्षदगण, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्तागण, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *